सत्ता में आने पर एक झटके में देश से गरीबी मिटा देंगे: राहुल गांधी

सत्ता में आने पर एक झटके में देश से गरीबी मिटा देंगे: राहुल गांधी

दावा: करोड़ों महिलाओं को साल में एक लाख देकर गरीबी मिटाएगी महालक्ष्मी योजना
जगदलपुर। कांग्रेस नेता और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि अगर हमारी सरकार आई तो महालक्ष्मी योजना शुरू की जाएगी। जिसके जरिये देश से एक झटके में गरीबी मिटा देंगे। उन्होंने कहा कि हम संविधान बचाने की लड़ रहे हैं। दूसरी तरफ संविधान व लोकतंत्र खत्म करने की कोशिश की जा रही है। बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार कवासी लखमा के समर्थन में बस्तर के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में शनिवार को चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि महालक्ष्मी योजना में हर परिवार से एक महिला को चुनेंगे, इसमें करोड़ों महिलाएं चुनी जाएंगी। इसके बाद हर महीने उनके बैंक खाते में साढ़े 08 हजार रुपए डाले जाएंगे। यानी एक साल में 01 लाख रुपए मिलेंगे, इस तरह एक झटके में हम देश से गरीबी मिटा देंगे। उन्होंने महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 50 प्रतिशत आरक्षण देने का वायदा किया। आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय को दोगुना करेंगे।

राहुल गांधी ने कहा कि देश के बेरोजगार युवाओं को एक साल के लिए नौकरी मिलेगी, ट्रेनिंग मिलेगी। एक साल बाद उनके अकाउंट में 01 लाख रुपए जमा किए जाएंगे। अगर काम अच्छा रहा तो उनकी नौकरी परमानेंट हो जाएगी। एक तरह से ये जॉब मार्केट में जाने का दरवाजा होगा। इसके साथ ही सरकारी सेक्टर में ठेकेदारी प्रथा खत्म कर देंगे। जब आपको नौकरी मिलेगी वह परमानेंट होगी। हम मनरेगा लाए थे, जिसके जरिए करोड़ों लोगों को फायदा हुआ। अब हम अप्रेंटिसशिप का अधिकार लाने जा रहे हैं। जिनके पास भी डिग्री, डिप्लोमा है, हम उन्हें अप्रेंटिसशिप का अधिकार देने जा रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि हमारी सरकार आएगी तो हम जातीय जनगणना कराएंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमने किसानों का कर्ज माफ किया था, वही हम देश में करेंगे। जैसे ही सरकार आएगी सबसे पहले काम किसानों का कर्ज माफी होगा। किसानों को उनकी उपज का सही दाम मिले इसके लिए कानूनी गारंटी दी जायेगी।

उन्होंने कहा कि जो लोग जल-जंगल-जमीन के लिए लड़ाई करते थे वे आदिवासी हैं। जो आदिवासी कहते हैं, वे आपके धर्म, आपकी भाषाओं, जीवनशैली, इतिहास का आदर करते हैं, उसकी रक्षा करते हैं। दूसरी तरफ जो आपको वनवासी कहते हैं वे आपको हिंदुस्तान का हकदार नहीं मानते। वनवासी शब्द का मतलब अधिकार न मिले, भागीदारी न हो। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि बस्तर में कांग्रेस हमेशा से मजबूत रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता 10 वर्ष में क्या किया, उस पर चर्चा नहीं कर रहे। उनका चुनाव प्रचार भी मुद्दों से हटकर जज्बाती मुद्दों पर केंद्रित है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि हम छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटों पर अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमें बस्तर को बचाना है, बस्तर के आदिवासियों को बचाना है। नगरनार स्टील प्लांट को बचाना है। प्रदेश में हमारी 05 साल सरकार रही तो हमने अशांत बस्तर को शांत किया। लेकिन बीजेपी सरकार आते ही बस्तर अशांत हो गया। उन्होंने कहा कि यह लोकसभा का चुनाव देश का चुनाव है, इससे देश की दशा-दिशा बदलेगी। कांग्रेस को जिताकर राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाना है। कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी कवासी लखमा ने कहा कि बस्तर में कई प्रदेशों के लोग रहते हैं। हमारे पास आवाज नहीं होने के कारण बस्तर में परिवहन सुविधाओं का अभाव है। हमारी सरकार बनी तो बस्तर में बड़ा एयरपोर्ट बनाएंगे। बस्तर में रेल नहीं है, अगर मैं चुनाव जीता, राहुल गांधी चुनाव जीते तो छह महीने में बस्तर को रेल मिलेगी।

 

 

Tags:

About The Author

Latest News