करतारपुर साहिब के दर्शन कर संगतें हुईं निहाल

आगरा: आगरा के गुरुद्वारा शाहगंज में रविवार को देश के विभिन्न गुरु तीर्थधामों और करतापुर साहिब (पाकिस्तान) के दर्शन कर लौटी संगत का स्वागत किया गया। अमृतमयी प्रोग्राम के दौरान सुखमनी साहिब के पाठ के बाद प्रवचन हुए।

गुरुद्वारा दशम पातशाह शाहगंज पर तीर्थधामों के दर्शन कर लौटी संगतों ने गुरु के शुकराने की अरदास और गुरु रूप संगत का सम्मान किया। सुखमनी सेवा सभा ने तीर्थयात्रियों को स्वागत किया। इस मौके पर महेंद्र पाल सिंह ने शब्द गायन कर संगतों का निहाल किया। उन्होंने 'जिनके चोले रतड़े प्यारे कंत तिना के पास...। का गायन किया।

उन्होंने कहा कि जिनके शरीर रूपी चोले प्रभु के नाम में रंगे हुए हैं, प्रभु परमेश्वर हर पल उनके करीब होता है। कार्यक्रम में करतारपुर से आई संगत का सम्मान के बाद यात्रा के बारे में जानकारी दी गई। धर्मप्रेमियों ने कहा कि गुरु महाराज की अपार कृपा से उनकी पावन धरती के दर्शन किए और आशीर्वाद से झोलियां भरकर वे लौटे हैं।

कार्यक्रम के समापन पर गुरु महाराज के अटूट लंगर का वितरण हुआ। सर्वधर्म के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में गुरमीत सिंह सेठी, रिंकू गुलाटी, हरपाल सिंह, देवेंद्र पाल सिंह, बॉबी आनंद, सेवक श्याम भोजवानी, गुरदीप लूथरा आदि मौजूद रहे। तीर्थयात्रियों का जत्था सुखमनी सेवा सभा के बैनर तले वीर महेंद्र पाल सिंह और गुरमीत सिंह सेठी अगुवाई में यात्रा पर गया था।