
रुड़की (देशराज पाल)। लॉकडाउन में अपने मायके में रह रही विवाहिता 5 दिन पूर्व अपने ससुराल जाने के लिए अपने 8 साल के पुत्र के साथ निकली थी। लेकिन विवाहिता ससुराल नहीं पहुंची। पिता ने तहरीर सिविल लाइन कोतवाली पुलिस को दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर मां बेटे की तलाश कर रही है।
सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भंगेडी निवासी मेहरबान बैंड बजाने का काम करता है। मेहरबान रविवार सुबह के समय सिविल लाइन कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में मेहरबान ने बताया कि उसकी बेटी परवीन की शादी गणेशपुर थाना जानसठ मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश में 10 साल पूर्व की थी। लॉकडाउन के दौरान उसकी पुत्री अपने मायके में अपने 8 साल के पुत्र आशीष के साथ फसी हुई थी। 5 दिन पूर्व पुत्री प्रवीन अपने पुत्र के साथ अपने ससुराल के लिए निकली थी। लेकिन वह ससुराल नहीं पहुंची। पुत्री के मोबाइल पर भी संपर्क किया गया लेकिन उसका मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ आ रहा है। ससुरालियों का कहना है कि वह यहां नहीं आई। पीड़ित पिता ने सिविल लाइन कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर पुत्री और उसके बेटे की तलाश करने की मांग की है। सिविल लाईन कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मां बेटे की तलाश शुरू कर दी है।