इंडिया गठबंधन की व्यूह रचना को ले हुईं समन्वय बैठकें
लखनऊ। बरेली की समन्वय बैठक शाम चार बजे संपन्न हो गई। इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी के प्रभारी उत्तर प्रदेश माननीय अविनाश पांडेय के तीन दिवसीय ब्रज क्षेत्र के प्रवास में 12 लोकसभा क्षेत्रों-मथुरा,फतेहपुर सीकरी, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, कासगंज, शाहजहांपुर, फरुर्खाबाद, बदायूं,आंवाला एवं बरेली में समन्वय बैठकों का यह चरण भी समाप्त हो गया। आज बदायूं, आंवाला एवं बरेली लोकसभा की समन्वय बैठक में प्रभारी अविनाश पांडेय जी ने इंडिया गठबंधन एवं इन बैठकों के औचित्य को स्पष्ट किया।
मोदी सरकार के दमनकारी कृत्यों से लोकतंत्र, संविधान, देश के भाईचारे एव समाज की समरसता के समक्ष पैदा हुई चुनौतियों की चर्चा की। आंवला लोकसभा क्षेत्र में समाजवादी प्रत्याशी नीरज मौर्य के पक्ष में आहूत समन्वय बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने इस बात पर जोर दिया कि 2024 का यह चुनाव मूलत: इतिहास मिटाने, संविधान बदलने और समाज के हाशिए की आवाम की पहचान बदलने वाली मौजूदा भाजपा सरकार के मुकाबले इतिहास की विरासत, संविधान की गरिमा और हासिए के समाज की पहचान की हर हाल में रक्षा करने वाले इंडिया गठबंधन के बीच है।
बरेली से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी प्रवीण सिहं ऐरन के पक्ष में समन्वय बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने इस बात पर बल दिया कि मैं नागपुर का निवासी होने के कारण नागपुर की एक विशेष सोच को भली भांति जानता हूं। इस सोच के लोगों को बाबा साहब द्वारा प्रदत्त अमीर- गरीब, ऊंच-नीच सभी को सामान मताधिकार आज भी हजम नहीं होता है। इस तरह की सोच रखने वाले आज सत्ता में है। यह लोग समतावादी,प्रगतिशील संविधान को समाप्त कर एक सामंतवादी, पूंजीवादी और निरंकुशता को स्थापित करने वाले संविधान को लागू करने के हिमायती है।