परंपरागत सीटों पर उम्मीदवार नहीं मिल रहे, ये कांग्रेस के पतन की पराकाष्ठा: शिवराज

परंपरागत सीटों पर उम्मीदवार नहीं मिल रहे, ये कांग्रेस के पतन की पराकाष्ठा: शिवराज

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को विदिशा संसदीय क्षेत्र की गंजबासौदा विधानसभा के नौलखी और शीतला माता मंदिर में मातारानी के दर्शन किए और पूजा अर्चना कर देश व प्रदेशवासियों के मंगल, कल्याण और खुशहाली की कामना की। उन्होंने गंजबासौदा के घटोरा, पन्ना मार्केट, टीटी जैन पाठशाला और वार्ड 24 में जनसंपर्क किया, समरस बूथ सम्मेलन और जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब समाप्ति की ओर है। कांग्रेस में कुछ नहीं बच गया है। उनके गलत फैसलों से ही कांग्रेस की ये दुर्गति हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जितना विकास किया है, कभी कांग्रेस ने नहीं किया है। कांग्रेस का जनता के सुख-दुख से कोई लेना-देना नहीं है, वो कभी भी जनता का भला नहीं कर सकती है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, भाजपा राष्ट्रीय पुनर्निर्माण का आंदोलन है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनने वाला है और कांग्रेस समाप्ति की ओर है। कांग्रेस के मित्र ही कह रहे हैं कि कांग्रेस तो राम मंदिर का विरोध कर रही हैं तो ऐसी कांग्रेस में रहकर क्या करेंगे। भगवान श्री राम की जन्मभूमि पर प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकराना, धारा 370 हटाने का विरोध करना, ऐसे एक नहीं अनेक काम हैं जिसके कारण कांग्रेस के विचारवान मित्र आहत हैं और उन्हें लगता है कि अब कांग्रेस में रहने का कोई फायदा नहीं है। कांग्रेस की हालत ये हो गई है कि, उनकी सर्वश्रेष्ठ नेत्री चुनाव नहीं लड़ रही हैं, सोनिया मैडम ने ही मैदान छोड़ दिया है। जहां इंदिरा जी लड़ी वहां से कांग्रेस के पास उम्मीदवार ही नहीं है। यह कांग्रेस के पतन की पराकाष्ठा है। अमेठी में जहां राहुल बाबा चुनाव लड़ते थे वहां भी कांग्रेस के पास उम्मीदवार नहीं है, राहुल गांधी छोड़ कर चले गए, अपने घर में ही कांग्रेस की जड़े नहीं बची क्योंकि कांग्रेस देश की जड़ों से नहीं जुड़ी है।

भाजपा पार्टी नहीं परिवार है
शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में कांग्रेस के पदाधिकारियों सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधार, रीति-नीति और मोदी सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। शिवराज ने सभी को पार्टी का गमछा पहनाकर भाजपा में शामिल किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि, आज जिन्होंने भाजपा स्वीकार की, सदस्यता ग्रहण की है वह अपने विचार के कारण आए हैं। उन्होंने कहा कि, जनपद सदस्य आए हैं, जनपद उपाध्यक्ष आए हैं, छिंदवाड़ा के मित्र हमारे साथ आए हैं, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष हैं, मैं बीजेपी के परिवार में आप सभी का हृदय से स्वागत करता हूं। भाजपा पार्टी नहीं परिवार है। हम सभी मिलकर आत्मीयता से काम करेंगे और विकास की गंगा बहाएंगे। लोगों का कल्याण भी होगा और आपका आत्मसम्मान भी यहां सुरक्षित रहेगा।

प्रधानमंत्री मोदी सारे रिकॉर्ड तोड़ेंगे
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी तीसरी बार सारे रिकॉर्ड तोड़ेंगे और 400 पार करके एनडीए फिर सरकार बनाएगी। अकेले भाजपा ही 370 पार करेगी। केन्द्र में भी हमारी सरकार है और राज्य में डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में हमारी सरकार बेहतर काम कर रही है। प्रदेश का विकास सुनिश्चित है, सभी योजनाएं जारी है और नई योजनाएं बन रही हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में और राज्य की सरकार सीएम मोहन के नेतृत्व में अपने क्षेत्र का विकास भी करेगी और देश को उस स्थान पर ले जाएगी जिसका वह अधिकारी है। भारत विश्व का नेतृत्व करेगा। इसलिए सभी विचारवान मित्र, कांग्रेस छोड़कर अपने देश को विश्व गुरु बनाने के लिए और अपने क्षेत्र के विकास और जनता के कल्याण के लिए भारतीय जनता पार्टी में आ रहे हैं।

जनता से प्रेम का रिश्ता है
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, जो नेता और पार्टी अपने गढ़ में कमजोर हो जाए वो कभी देश का विकास नहीं कर सकती है। उन्होंने कहा कि, मेरी उम्र 17 साल थी तब इमरजेंसी में, मैं जेल गया था। इंदिरा जी ने जेल भेजा था, लोकतंत्र का गला घोंटा था। हम लोग अपने देश के लिए काम करते हैं, जनता की जिंदगी बदलना है, बहनों की जिंदगी में भी नया उजाला लाना है, भांजे-भांजियों की जिंदगी में तकलीफ न रहे, किसान आगे बढ़े, इसलिए जनता की सेवा करना है। नेता और जनता का रिश्ता नहीं ये प्यार का रिश्ता है। बच्चें मामा-मामा कहकर लिपट जाते हैं, बहनें चुनाव लड़ने के लिए हाथ में 10-10 रूपए रख देती है। इस प्यार और आशीर्वाद के सामने तो स्वर्ग का सिंहासन भी फीका है।

शिवराजमय हुआ बासौदा
पूर्व मुख्यमंत्री चौहान लगातार लोकसभा चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। शुक्रवार को उन्होंने विदिशा लोकसभा की गंजबासौदा विधानसभा में जनसंपर्क किया। इस दौरान गंजबासौदा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। बासौदा वासियों ने शिवराज सिंह चौहान का फूलों की वर्षा कर भव्य स्वागत किया। बड़े-बुजुर्गों ने पूर्व सीएम को सिर पर हाथ रख आशीर्वाद दिया। बहनों ने भैया को तिलक लगाकर आरती उतारी और विजयी भव: का आशीर्वाद दिया। भांजे-भांजियों ने भी मामा-मामा के नारों के साथ शिवराज का स्वागत किया और बहन-बेटियों ने चुनाव लड़ने के लिए पूर्व सीएम के हाथों में पैसे और गुल्लक रख दिए। शिवराज सिंह ने भी दोनों हाथ जोड़कर, शीश झुकाकर आमजन का अभिवादन किया।







Tags:

About The Author

Latest News