
अलवर। नीमराना थाना क्षेत्र के सिलारपुर के पूर्व सरपंच दिनेश यादव की बुधवार सुबह खेत जोतते समय बदमाशों ने गोली दी। घटना में यादव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व सरपंच पर करीबन 5 से 7 राउंड फायर किया गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। साथ ही पुलिस ने बदमाशों द्वारा फायर किए हुए राउंड के खाली खोल बरामद किए है। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी करा दी लेकिन दोपहर तक बदमाश पुलिस गिरफ्त से बाहर थे। फिलहाल पुलिस ने पूर्व सरपंच का शव नीमराना सीएचसी के मोर्चरी में रखवाया हुआ है।
पूर्व सरपंच की पत्नी भतेरी देवी वर्तमान में सिलारपुर से सरपंच है। फायरिंग की सूचना पर पुलिस ने क्षेत्र सहित हरियाणा बॉर्डर आसपास के एरिया में नाकाबंदी करा जांच में जुटी है। मुख्य रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है। अभी तक लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि पूर्व सरपंच की बदमाशों ने हत्या क्यों की। दोपहर तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था। ग्रामीण और परिजन बदमाशो की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। पुलिस ग्रामीणों को समझाइश का प्रयास कर रही है।