उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर, चेतावनी जारी
नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए अगले कुछ दिनों तक हीटवेव (लू) को लेकर चेतावनी जारी की है। खासतौर पर 7 से 9 अप्रैल तक दिल्ली में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है और अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।दिल्ली में इस समय तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया जा रहा है।
अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच है। मौसम विभाग का कहना है कि 7 और 8 अप्रैल को पारा 42 डिग्री तक जा सकता है, जिससे राजधानी में हीटवेव जैसे हालात बन सकते हैं। दिल्ली में न्यूनतम तापमान अभी 17 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो सामान्य के करीब है, लेकिन अधिकतम तापमान 1 से 3 डिग्री ज्यादा है। बीते 24 घंटों में पश्चिमी-उत्तर-पश्चिमी दिशा से 18 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं।
आसमान साफ बना हुआ है, जिससे धूप तेज महसूस हो रही है।मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि 8 से 10 अप्रैल के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र (जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड) में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बौछारें हो सकती हैं। इससे कुछ हद तक गर्मी में राहत मिल सकती है, लेकिन दिल्ली-एनसीआर और आसपास के मैदानी इलाकों में इसका असर सीमित होगा।
टिप्पणियां