नगर निगम मुख्यालय पर घंटों शव रखकर प्रदर्शन
सड़क हादसे में घायल हुआ था सफाई कर्मचारी
- तीन दिन चला इलाज, फिर तोड़ दिया दम
- वेलफेयर फंड से करेंगे एक लाख की मदद: अपर नगर आयुक्त
लखनऊ। नगर निगम का सफाई कर्मचारी काम के दौरान सड़क हादसे का शिकार हो गया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन दिन ईलाज चलता रहा, लेकिन ईलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इससे नाराज सफाई कर्मियों ने नगर निगम मुख्यालय पर शव रखकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। वह इस घटना को लेकर कई मांगे कर रहे थे,जिससे पीड़ित परिवार की मदद हो सके। भारी विरोध को देखते हुए,कार्यदायी संस्था और नगर निगम दोनों ने ही तीन लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा की।
जानकारी के मुताबिक तीन दिन पूर्व हुए एक सड़क हादसे नगर निगम की कार्यदायी संस्था लायन सिक्योरिटी में काम करने वाला राहुल वाल्मीकि गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। कार्यदायी संस्था लायन सिक्योरिटी का कहना है कि हादसे के तुरंत बाद फाउंडर द्वारा पचास हजार की तत्काल आर्थिक सहायता मृतक के परिजनों को प्रदान की गई थी। हादसे के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टर्स की टीम लगातार उनके उपचार में जुटी थी।
लेकिन शुक्रवार को चिकित्सकों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया।
इससे सभी कर्मचारियों में गुस्सा फूट पड़ा। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद शव लेकर कर्मचारी नगर निगम मुख्यालय पहुंच गए। नगर निगम मुख्यालय में शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सभी ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर बड़ी संख्या पर पुलिस बल और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और सभी को शांत कराने का प्रयास किया। कर्मचारी संघ के नेता ने नगर आयुक्त और मेयर से बातचीत की और अपनी मांगे बताई। लायन सिक्योरिटी कंपनी के अधीन कार्यरत सफाई कर्मचारी राहुल वाल्मीकि की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं अब उनके निधन के बाद कंपनी की ओर से दो लाख की अतिरिक्त सहायता राशि भी भिजवाई गई है।
लायन सिक्योरिटी के फाउंडर ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कंपनी मृतक कर्मचारी के परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी की ओर से मृतक के इंश्योरेंस के अंतर्गत जो भी देय राशि होगी, उसे शीघ्र दिलवाने की पूरी कोशिश की जाएगी। नगर निगम प्रशासन ने भी संवेदनशील रुख अपनाते हुए राहुल के ईपीएफ भुगतान की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया है।
अपर नगर आयुक्त ललित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम द्वारा संचालित स्वीपर वेलफेयर फंड से एक लाख रुपये की आर्थिक मदद भी मृतक के परिजनों को दी जाएगी। इसके अलावा भी अन्य मदद नियमानुसार की जाएगी। हादसे के बाद स्थानीय कर्मचारियों और समाज के विभिन्न संगठनों ने उचित मुआवजे और सहायता की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था। लेकिन निगम प्रशासन और कंपनी द्वारा त्वरित आर्थिक सहयोग, आश्वासन और संवेदना प्रकट करने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। कर्मचारियों और समाज के प्रतिनिधियों ने राहुल वाल्मीकि के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के लिए प्रस्थान किया।
टिप्पणियां