कांग्रेसी मंच पर बोलते दिखें सपाई रविदास, पर वक्तव्य से गायब!

इंडिया गठबंधन के लखनऊ लोस प्रत्याशी और सपा के वरिष्ठ नेता हैं रविदास मेहरोत्रा

कांग्रेसी मंच पर बोलते दिखें सपाई रविदास, पर वक्तव्य से गायब!

  • कांग्रेस मुख्यालय से जारी वक्तव्य में कहीं पर भी सपा नेता का बयान नहीं किया दर्ज

लखनऊ। चुनावी माहौल में वैसे तो कई-कई तरह के अजब-गजब खेल देखने को मिलते रहते हैं, मगर राजधानी लखनऊ मुख्यालय पर कुछ ऐसा दिखे तो हैरानी होना लाजिमी ही है। दरअसल, गुरूवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पर इंडिया गठबंधन के लखनऊ लोस उम्मीदवार व सपा के वरिष्ठ नेता रविदास मेहरोत्रा के चुनाव से जुड़ी गतिविधियों और कांग्रेस के साथ तालमेल को लेकर मीडिया कर्मियों को बुलाया गया।

मगर हैरानी की बात यह रही कि जब देर शाम कांग्रेस मुख्यालय से बकायदा सिलसिलेवार पूरी पत्रकार वार्ता मीडिया को प्रेषित की गई तो उसमें शुरूआत में केवल रविदास मेहरोत्रा का नाम दिखा और बाकी पूरा वक्तव्य कांग्रेसी नेता द्वारा ही दिया गया। ऐसे में दाल में कुछ काला का संदेह भांपकर जब तरूणमित्र टीम ने सपा नेता से इसकी वजह जाननी चाही तो उन्होंने कहा कि उस दौरान तो उन्होंने काफी कुछ बोला और लखनऊ के विकास को लेकर कई सारे मुद्दे उठाये। मगर वो भी एकबारगी हैरान हो गये कि आखिर इस पूरे वक्तव्य से कांग्रेस ने उनके प्रमुख बातों को क्यों हटा दिया...।

आईये देखिये, यही कांग्रेस द्वारा जारी पूरा वक्तव्य है...!

लखनऊ। इंडिया गठबंधन के लखनऊ लोकसभा प्रत्याशी विधायक एवं पूर्व मंत्री रविदास मेहरोत्रा जी एवं जिला कांग्रेस कमेटी लखनऊ के जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी जी तथा समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष सुशील दीक्षित जी ने आज यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता को संबोधित किया। प्रेस वार्ता से पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी जी के नेतृत्व में लखनऊ के कांग्रेसजनों की एक महत्वपूर्ण बैठक लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सम्पन्न हुई जिसमें जनपद के वरिष्ठ कांग्रेसजनों ने हिस्सा लिया।

प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी जी ने बताया कि लखनऊ एवं मोहनलाल गंज लोकसभा प्रत्याशी को जीत सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस पार्टी द्वारा पूरी रणनीति तैयार कर ली गई है। चुनाव को गंभीरता से देखते हुए इंडिया गठबंधन को विजयी बनाने हेतु संगठन एवं जिले के वरिष्ठ कांग्रेसजनों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है साथ ही लोकसभा चुनाव की चुनावी गतिविधियों पर निगाह रखने हेतु दोनों लोकसभाओं के अन्तर्गत कंट्रोल रूम की स्थापना भी गई है जिसके तहत लखनऊ लोकसभा चुनाव के कंट्रोल रूम का पूर्व पार्षद के0के0 शुक्ला एवं मोहनलाल गंज लोकसभा का रितु अग्रवाल जी को प्रभारी बनाया गया है। श्री त्रिपाठी ने बताया कि लखनऊ लोकसभा के प्रभारी के रूप में पूर्व प्रदेश सचिव बृजेश सिंह, एवं पूर्व महानगर अध्यक्ष बोध लाल शुक्ला जी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं मोहनलाल गंज लोकसभा हेतु पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष गौरव चौधरी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष श्री सिराज वली खान जी को प्रभारी नियुक्त किया गया है। श्री त्रिपाठी ने बताया कि इसके साथ ही विधानसभा स्तर पर भी कांग्रेसजनों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिसके अन्तर्गत लखनऊ पश्चिम से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी शहाना सिद्दीकी एवं जे0पी0 मिश्रा, लखनऊ उत्तर विधानसभा में अमित त्यागी एवं आर0बी0 सिंह, लखनऊ पूर्व विधानसभा में  आशुतोष मिश्रा एवं नसीम खान, लखनऊ मध्य विधानसभा में राजेश जायसवाल एवं योगेश्वर सिंह तथा लखनऊ कैन्ट विधानसभा में अंकित तिवारी एवं संजय श्रीवास्तव को प्रभारी बनाया गया है इसके अतिरिक्त मोहनलाल लोकसभा के अन्तर्गत मलिहाबाद विधानसभा में पूर्व विधायक इंदल रावत एवं मो0 रेहान खान, बक्शी का तालाब विधानसभा में रामपाल यादव एवं प्रज्ञा सिंह, सरोजनीनगर विधानसभा में रुद्रदामन सिंह एवं महीप सिंह तथा मोहनलालगंज विधानसभा में नरेन्द्र गौतम एवं मान सिंह मानू को विधानसभ स्तर पर प्रभार सौंपा गया है इसके साथ ही लखनऊ लोकसभा हेतु 11 सदस्यों की समन्वय समिति एवं मोहनलाल गंज लोकसभा हेतु 8 सदस्यीय समन्वय समिति भी बनाई गई है जो पूरे चुनाव में एक दूसरे से सम्पर्क स्थापित कर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को विजय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।

Tags: lucknow

About The Author

Latest News