चारबाग स्टेशन की आधुनिक व्यवस्थाओं को बढ़ायें: मनु गोयल
रेलवे बोर्ड एडिशनल मेम्बर ने लखनऊ स्टेशन का लिया जायजा
- हेरिटेज दिवस के तहत चारबाग स्टेशन पर बनाई गई हेरिटेज गैलरी
लखनऊ। रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली से एडिशनल मेम्बर (ईएनएचएम) मनु गोयल का उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के लखनऊ स्थित चारबाग रेलवे स्टेशन पर आगमन हुआ। बता दें कि आज ही के दिन मनाए जाने वाले विश्व हेरिटेज दिवस के तत्वावधान में लखनऊ मंडल की शाखा द्वारा मंडल की समृद्ध और बहुमूल्य विरासत को प्रदर्शित करने वाली एक हेरिटेज गैलरी का आयोजन चारबाग स्टेशन पर किया गया।
आगमन के इस अवसर पर एडिशनल मेम्बर (ईएनएचएम) ने मंडल रेल प्रबंधक एसएम शर्मा व अन्य अधिकारियों के साथ इस हेरिटेज गैलरी का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने चारबाग स्टेशन का निरीक्षण किया। सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने लखनऊ स्टेशन पर वर्तमान समय में चल रहे सभी पुनर्विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करते हुए इन सभी कार्यों को गहनता से परखा।
उन्होंने इन सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय पर उच्च गुणवत्ता के साथ समाप्त करने की बात को प्रमुखता से कहा आवश्यक निर्देश दिये। स्टेशन पर उपलब्ध सभी व्यवस्थाओं का निरंतर आधुनिकीकरण करने तथा इनमें वृद्धि करने की बात कही।
इसके अतिरिक्त इस दौरान उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक और अन्य अधिकारियों के साथ एक बैठक की, जिसमें उन्होंने लखनऊ स्टेशन की महत्ता का उल्लेख करते हुए स्टेशन पर प्रगतिशील विकास कार्यों की समीक्षा की, भावी परियोजनाओं और बिंदुओं पर मंत्रणा की। निरीक्षण कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक नीलिमा सिंह, स्टेशन निदेशक प्रशांत कुमार, विभिन्न विभागों के शाखाध्यक्ष, अधिकारी, आरएलडीए के अधिकारी तथा अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
टिप्पणियां