Wather: 10 राज्यों में प्रचंड लू, कई जगह पारा 45 के करीब
By Tarunmitra
On
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पंजाब हरियाणा समेत उत्तर पश्चिम और आसपास के मध्य भारत के 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश इस समय प्रचंड गर्मी और भीषण लू की चपेट में हैं। दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जबकि, राजस्थान समेत कई राज्यों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच गया है। वहीं, पूर्वोत्तर के सभी सातों राज्यों, पश्चिम हिमालयी क्षेत्र के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश हो रही है और पूर्वी भारत के राज्यों में आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि का प्रकोप बना हुआ है।
इन इलाकों में भीषण गर्मी और लू का कहर
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल इन परिस्थितियों से राहत भी नहीं मिलने वाली है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में लू चल रही है। पंजाब, हरियाणा, केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ और दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाके भी भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। चंडीगढ़ में पारा लगातार तीसरे दिन 40 के पार रहा और लू को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
30 अप्रैल से मौसम में कुछ बदलाव आने की उम्मीद
पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में भी लू चल रही। गुजरात, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक और महाराष्ट्र का मराठवाड़ा में भीषण गर्मी और उमस ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। आईएमडी ने इन राज्यों में अभी कम से कम दो दिन यानी 29 अप्रैल तक मौसम में किसी तरह के बदलाव की संभावना नहीं जताई है। 30 अप्रैल से मौसम में कुछ बदलाव आने की उम्मीद है और तब गर्मी की तपिश से मामूली राहत मिल सकती है।
बिजली की गरज के साथ होगी बारिश
मध्य असम के ऊपर निचले स्तर पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पश्चिम विदर्भ से मन्नार की खाड़ी तक एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में भी एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा, 2 मई से उत्तर पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इन सबके प्रभाव से 30 अप्रैल से 3 मई के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब, हरियाणा, दिल्ली समेत उत्तर पश्चिम भारत के अलग-अलग मैदानी इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश होने और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
सिक्किम में फंसे सभी पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया
भारी बारिश से हुए भूस्खलन के कारण उत्तरी सिक्किम के लाचेन में फंसे सभी पर्यटकों को रविवार को सुरक्षित निकाल लिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि लगभग 600 पर्यटकों को 126 वाहनों के जरिये लाचेन से लाचुंग ले जाया गया। अधिकांश वाहन चुंगथांग पहुंच चुके हैं और संकलांग बेली ब्रिज के रास्ते अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। इस सप्ताह की शुरुआत में मंगन जिले के चुंगथांग, लाचुंग और लाचेन में भारी बारिश की वजह से हुए भूस्खलन के कारण लगभग 3,000 पर्यटक फंस गए थे।
पहाड़ी राज्यों में 2-3 डिग्री तापमान बढ़ने के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के पहाड़ी राज्यों के मैदानी इलाकों और मैदानी राज्यों में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक तापमान बढ़ सकता है। उसके तीन दिन बाद तापमान में 2-4 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।
nमध्य भारत में तीन दिन बाद अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री तक वृद्धि होने का अनुमान है। महाराष्ट्र में पांच दिन तक पारा क्रमिक रूप से तीन डिग्री तक चढ़ सकता है। वहीं, पूर्वी भारत में अगले तीन दिन के दौरान पारा 3-5 डिग्री तक गिर सकता है। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में भी अलग-अलग स्थानों पर तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
राजस्थान में अभी सताएगी गर्मी
राजस्थान में भी गर्मी से लोगों को फिलहाल राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अधिकतम तापमान में अभी 2-3 डिग्री तक की वृद्धि होने की संभावना है। ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। जोधपुर और बीकानेर मंडल सबसे अधिक गर्मी से प्रभावित हैं। पश्चिमी राजस्थान में 28-29 अप्रैल तक लू का प्रकोप बना रहेगा और रातें भी गर्म रहेंगी। बीते 24 घंटे के दौरान श्री गंगानगर समेत राज्य के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी आई और हल्की बारिश भी हुई।
About The Author

‘तरुणमित्र’ श्रम ही आधार, सिर्फ खबरों से सरोकार। के तर्ज पर प्रकाशित होने वाला ऐसा समचाार पत्र है जो वर्ष 1978 में पूर्वी उत्तर प्रदेश के जौनपुर जैसे सुविधाविहीन शहर से स्व0 समूह सम्पादक कैलाशनाथ के श्रम के बदौलत प्रकाशित होकर आज पांच प्रदेश (उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तराखण्ड) तक अपनी पहुंच बना चुका है।
Related Posts
अपनी टिप्पणियां पोस्ट करें
Latest News
28 Apr 2025 14:53:09
लखनऊ। मड़ियांव के फैजुल्लागंज में सोमवार को आग से करीब 70 झुग्गी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। मौके पर पहुंची...
टिप्पणियां