
कैमूर: अमृत महोत्सव के अंतर्गत जिले में अमृत सरोवर का निर्माण कराया जाएगा। इस संबंध में ग्रामीण विकास विभाग के सचिव ने डीएम को पत्र जारी कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया है। जारी पत्र में बताया गया है कि भारत की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी के अंतर्गत जिले में 75 नए पोखर का निर्माण किया जाएगा। जिसका नाम अमृत सरोवर होगा। अमृत सरोवर के लिए कम से कम एक एकड़ क्षेत्रफल होना जरूरी है। इसी में नए पोखरा का निर्माण होगा। यदि जिले में जगह की कमी है तो पुराने पोखरा का ही जीर्णोद्धार करके योजना के उद्देश्य को पूरा करना है। इस योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए एक पोर्टल विकसित किया गया है। जिसके तहत संभावित स्थल का चयन, प्रगति का अनुश्रवण तथा स्थल के फोटो को अपलोड किया जा सकता है। इस योजना के अंतर्गत सरोवर स्थल से अतिक्रमण को हटाते हुए चारों तरफ पौधारोपण किया जाएगा। इसमें नीम, पीपल, बरगद का पौधा प्रमुख रूप से लगाया जाना है। स्थल चयन को अंतिम रूप दिए जाने के पूर्व विशेष रूप से पानी की कमी वाले प्रखंडों पर अधिक ध्यान देना है। यदि अमृत सरोवर स्थल आंशिक या पूर्ण रूप से वन क्षेत्र में स्थित है तो इसके क्रियान्वयन का कार्य वन एजेंसी द्वारा कराया जा सकता है। इस योजना का कार्य 15 अगस्त 2022 तक पूरा कर लेना है। इस योजना में लोगों की भागीदारी अधिक करने पर जोर दिया गया है। बताया गया है कि इस अभियान का मूल उद्देश्य है कि महत्वपूर्ण सेनानियों के परिवारों को याद रखना एवं उन्हें सम्मान प्रदान करना।