नर्मदापुरम : पिपरिया में पारिवारिक विवाद में बड़े भाई की चाकू मार कर हत्या
नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में पिपरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बस्ती में बुधवार देर रात पारिवारिक विवाद में एक व्यक्ति ने अपने बड़े भाई की चाकू मार कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 40 वर्षीय दीनदयाल केवट के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है सिटी थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि पिपरिया के पुरानी बस्ती निवासी महेश केवट बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे अपनी मां को गालियां दे रहा था। बड़े भाई दीनदयाल केवट ने उसे ऐसा करने से मना किया। इस बात पर दोनों भाइयों में झगड़ा शुरू हो गया। झगड़े के दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर लाठी और चाकू से हमला किया। महेश ने दीनदयाल की छाती में चाकू मार दिया। गंभीर हालत में दीनदयाल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि गुरुवार को सुबह पोस्टमार्टम के बाद मृतक के शव को परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। वहीं, मृतक के भतीजे विजय केवट ने बताया कि आरोपी महेश नशे का आदी है। वह अक्सर परिवार में झगड़ा करता रहता है। महेश बेरोजगार है और अविवाहित है।
टिप्पणियां