भारत से 537 नागरिक पाकिस्तान लौटे, 850 भारतीय आए वापस
पाकिस्तान से 850 भारतीयों की स्वदेश वापसी
चंडीगढ़। भारत में वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की वापसी का सिलसिला जारी है। रविवार शाम तक 537 पाकिस्तानी नागरिक अटारी-बाघा बार्डर के रास्ते पाकिस्तान वापस गए हैं। वहीं आज तक 850 भारतीय पाकिस्तान से वापस आ चुके हैं। केंद्र सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों की वापसी के लिए दो दिन का समय और बढ़ा दिया है। पिछले चार दिन से अटारी-बाघा बार्डर पर लोगों का जमघट लगा है। अपने मुल्क लौटने वाले हरेक के मन में पीड़ा-टीस और आक्रोश है। पीड़ा-टीस इसलिए कि कुछ लोगों के कारण दोनों मुल्कों के रिश्ते खराब हुए और उसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। दिल्ली की रहने वाली और पाक में ब्याही राबिका वतन वापसी के दौरान काफी आक्रोशित दिखाई दी। वह बीते पांच सालों से मायके आने के लिए वीजा अप्लाई करती रहीं लेकिन नहीं दिया गया। इस बीच उनकी मां, दो भाई और भतीजे की मौत हो गई, लेकिन उस दौरान भी उनको नहीं आने दिया गया। उन्होंने बताया कि इस बार उनको 45 दिन का वीजा मिला और मायके आईं लेकिन दो दिन में ही वापसी करनी पड़़ रही है। वह दोनों ही सरकारों को कोसती हुई वापस चली गईं।
उधर, पाकिस्तान के सिंध प्रांत से आए हिंदुओं का एक दल रविावार को भारत लौट आया। सिंध प्रांत के रहने वाले इस दल में 45 व्यस्क व 15 बच्चे थे। दल में शामिल कांति लाल, किशन लाल और चूनी ने बताया कि वह लोग दो महीने पहले घूमने आए थे। गुरदासपुर, अमृतसर, फिरोजपुर और पंजाब के अन्य सीमावर्ती जिलों से भी कई पाकिस्तानी नागरिक आज सीमा की ओर रवाना हुए हैं। अधिकारियों ने हर स्थान पर दस्तावेजों की जांच की ताकि कोई भी बिना अनुमति भारत में न रह सके। अटारी बार्डर पर तैनात पंजाब पुलिस के प्रोटोकॉल ऑफिसर अरुण कुमार के अनुसार रविवार, को 237 के करीब पाकिस्तानी नागरिक अटारी- बाघा बार्डर के रास्ते पाकिस्तान वापस हुए हैं। 116 भारतीय आज इस रास्ते से भारत वापस लौटे हैं। अभी तक कुल 537 के करीब पाकिस्तानी नागरिक वापस जा चुके हैं और 850 के करीब भारतीय नागरिक भी वापस लौट चुके हैं।
टिप्पणियां