डीजीपी को भेंट किया स्कॉच अवॉर्ड का सर्टिफिकेट
राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश पुलिस की बड़ी उपलब्धि
- उक्त पोर्टल से 85,000 से अधिक दोषसिद्धियाँ और लंबित मामलों का हुआ निस्तारण
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक प्रशान्त कुमार को आज स्कॉच अवॉर्ड का प्रमाणपत्र सौंपा गया। यह प्रमाणपत्र अपर पुलिस महानिदेशक (तकनीकी सेवाएं) नवीन अरोरा ने भेंट किया। यह सम्मान पुलिस विभाग के "इन्वेस्टिगेशन, प्रॉसिक्यूशन एंड कन्विक्शन पोर्टल" को पुलिस एवं सुरक्षा श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर मिलने के उपलक्ष्य में दिया गया। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश पुलिस की तकनीकी सेवाएँ इकाई द्वारा "इन्वेस्टिगेशन, प्रॉसिक्यूशन एंड कन्विक्शन पोर्टल माफिया, पॉक्सो, बलात्कार एवं अन्य गंभीर और संवेदनशील अपराधों की पहचान कर मामलों की समयबद्ध विवेचना और चार्जशीट दाखिल करने की प्रक्रिया की लगातार निगरानी करता है।
साथ ही, यह मुकदमों के कोर्ट में ट्रायल की प्रभावी मॉनिटरिंग के जरिए त्वरित न्याय सुनिश्चित करता है। उक्त पोर्टल के माध्यम से अब तक लगभग 85,000 दोषसिद्धियाँ प्राप्त की जा चुकी हैं और पांच वर्ष से अधिक पुराने 40,000 से अधिक लंबित मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया है। इस पहल ने जनता के बीच कानून व्यवस्था में विश्वास और भरोसे को मजबूत किया है।इस पोर्टल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सदस्यों तरु माथुर एवं अंकित प्रताप यादव को भी विशेष रूप से सराहा गया।
राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान उत्तर प्रदेश पुलिस की नवाचार-युक्त पुलिसिंग, व्यावसायिक दक्षता और निष्पक्ष न्याय के प्रति समर्पण को दर्शाता है।स्कॉच अवॉर्ड भारत में सुशासन, नागरिक सेवाओं और नवाचारों के लिए दिया जाने वाला एक प्रतिष्ठित सम्मान है। उत्तर प्रदेश पुलिस को मिला यह सम्मान दर्शाता है कि अब पुलिसिंग केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि तकनीकी दक्षता और जवाबदेही की नई परिभाषा गढ़ रही है।
टिप्पणियां