महिलाओं ने सर्वाइकल कैंसर के लिए जागरूकता रैली निकाली
रैली में करीब 150 कार और बाइक साथ दिखीं
लखनऊ। ऑल इनर व्हील क्लब की तरफ से महिलाओं ने कार रैली निकाली। इस दौरान कई महिलाएं राजस्थानी पगड़ी पहनी हुई थी। इसमें महिलाएं विभिन्न पोस्टर पर स्लोगन लिखकर पहुंचीं, जिन पर सर्वाइकल कैंसर से जागरूक करने के स्लोगन लिखे हुए थे। कई तरीके से कार सजाई गई थीं। इन पर कई तरह के स्लोगन लिखे और चित्र लगाए गए थे। रैली में करीब 150 कार और बाइक साथ दिखीं। गोमतीनगर के मरीन ड्राइव से जी-20 चौराहे और उसके बाद वापस मरीन ड्राइव पर यह कार रैली समाप्त हुई।
रैली में शामिल नीलम ने कहा कि हमें कैंसर के पहले चरण में ही जानकारी होना जरूरी है। डायग्नोसिस होना जरूरी है। महिलाओं को अपना रूटीन चेकअप जरूर करना चाहिए। अपने हेल्थ के प्रति जागरूक होना चाहिए। घर के कामकाज और परिवार की जिम्मेदारी के साथ अपने स्वास्थ्य के लिए समय निकालना होगा। बताया कि मैंने खुद सोच कर स्लोगन लिखे हैं। मेरा पसंदीदा स्लोगन है- मुझे शर्म नहीं, मैं हूं नारी, किसी पीड़ा से नहीं हूं हारी। ममता शर्मा ने कहा कि हम लोग अपनी बेटियों को अवेयर कर रहे हैं। यह रोज कर रहे हैं। इसी से महिलाओं को रोग से बचाना संभव है।
रक्षिता अग्रवाल ने कहा कि लड़कियों को अवेयर करने की आज के समय में बहुत जरूरत है। इससे प्रॉपर हेल्थ चेकअप करवाएंगी। सर्वाइकल कैंसर की समस्या बढ़ रही है। जागरूकता से वे खुद का ख्याल रखेंगी। मेरी गाड़ी में लगे स्लोगन में मैसेज है- गर्ल्स अपने विंग्स खोल कर फ्लाई करें, लेकिन अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए। सिगरेट और शराब से महिलाओं को भी बचना चाहिए। पारुल ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर के लिए ट्रीटमेंट टाइम पर होना चाहिए। इसीलिए हम लोग रैली में आए हुए हैं ताकि लोग स्वस्थ रहे।
सुजीता कोहली ने बताया कि सामाजिक कामकाज के लिए हम यहां पर आए हैं। महिलाओं को सहारे की जरूरत होती है ताकि वह खुद को संभाल सकें। प्रेरणा सिंह ने कहा कि जैसे एक गार्डन प्रकृति को आगे बढ़ाता है, उसी तरह औरत भी इंसानों को आगे बढ़ा रही हैं। हमने इसी थीम पर इस जागरूकता रैली में हिस्सा लिया है। सबसे कम सर्वाइकल पेशेंट गुजरात और राजस्थान में पाए जाते हैं। हम वहीं के परिधान में इस रैली में पहुंचे हैं। हम लोगों को मैसेज दे रहे हैं कि समाज और खुद को आगे बढ़ाने के लिए अपना ख्याल रखने की भी जरूरत है।
सुनंदा दधीच ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर पर जागरूकता के लिए महिलाएं यहां पर पहुंची हैं। इस दौरान महिलाएं एक दूसरे को कैंसर से बचाव के टिप्स दे रही हैं। शालिनी श्रीवास्तव ने कहा कि कैंसर स्लो पॉइजन है। यह मौत को इतने करीब से दिखाता है, जितने करीब से हम जिंदगी भी नहीं देख पाते हैं। इसके लिए वैक्सीनेशन करने सहित अन्य तरह से लोगों को जागरूक करने की जरूरत है।
टिप्पणियां