संत खेतेश्वर जयंती पर निकाली शोभायात्रा

 एकजुटता का दिया संदेश

संत खेतेश्वर जयंती पर निकाली शोभायात्रा

जोधपुर । राजपुरोहित समाज के आराध्य संत खेतेश्वर महाराज की 113वीं जयंती मंगलवार को धूमधाम से श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस दौरान श्री खेतेश्वर जयंती महोत्सव समिति के तत्वावधान में संत खेतेश्वर की आकर्षक झांकियांयुक्त शोभायात्रा निकाली गई। इसमें संत खेतेश्वर महाराज का जीवन परिचय, पर्यावरण, नशा मुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता, मतदान का संदेश देती झांकियां भी नजर आई। शोभायात्रा का अनेक स्थानों पर स्वागत किया गया।

जयंती महोत्सव समिति के संरक्षक महेंद्रसिंह तिंवरी व विक्रमसिंह घंटियाला ने बताया कि संत खेतेश्वर महाराज का 113वां जन्मोत्सव आज धूमधाम से मनाया गया। महोत्सव के तहत संत खेतेश्वर मार्ग बारहवीं रोड चौराहे से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा ब्रह्मसावित्री सिद्धपीठ आसोतरा के पीठाधीश्वर महंत तुलछाराम महाराज, उनके शिष्य डॉ. वेदांताचार्य ध्यानाराम महाराज, निर्मलदास महाराज के सानिध्य तथा समाज के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में निकाली गई। शोभायात्रा पांचवी रोड, जालोरी गेट, सोजती गेट बारी, रेलवे स्टेशन, महावीर कॉम्प्लेक्स, सरदारपुरा सी रोड होते हुए गांधी मैदान पहुंच विसर्जित हुई जहां संतों के आशीर्वचन, भामाशाह सम्मान व महाप्रसादी हुई।

51 से अधिक झांकियां हुई शामिल, मोहा मन :
शोभायात्रा संयोजक सुरजीतसिंह धांगड़वास व ओमप्रकाश मेघलासिया ने बताया कि शोभायात्रा में खेताराम महाराज व अन्य देवी-देवताओं की 51 आकर्षक झांकियां शामिल हुई। इसके अलावा, उज्जैन की महाकाल की झांकी, कनाना की आंगी गेर, नासिक व पंजाब के प्रसिद्ध ढोल, मयूर नृत्य व अनेक लोक कलाकरों ने अपनी प्रस्तुतियां दी। शोभायात्रा में अनेक झांकियों को शामिल किया गया। इसमें सत्य सनातन धर्म से ओतप्रोत झांकियों शामिल रही। शोभायात्रा में विभिन्न देवी-देवताओं और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण और अन्य देवी देवताओं से संबंधित झांकियां भी सजाई गई। शोभायात्रा में शामिल लोग पारंपरिक वेशभूषा धोती-कुर्ता और केसरिया साफा पहने हुए थे। ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी शोभायात्रा में शामिल हुए।

About The Author

अपनी टिप्पणियां पोस्ट करें

टिप्पणियां