ग्राम सभाओं और एनजीओ के सहयोग से खूंटी में जोर-शोर से हो रहा है बोरी बांध का निर्माण
खूंटी । जिला प्रशासन के नेतृत्व में ग्राम सभाओं और एनजीओ के सहयोग से जिले के विभिन्न प्रखंडों में जल संरक्षण और सिंचाई सुविधा को सुनिश्चित करने कें लिए बोरी बांध निर्माण कार्य जोर-शोर से चल रहा है। यह पहल स्थानीय नागरिकों के श्रमदान से संचालित हो रही है, जिसमें लोग स्वेच्छा से भागीदारी कर रहे हैं।
गर्मी के मौसम में जल संकट की संभावना को देखते हुए यह अभियान विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। बोरी बांध न केवल वर्षा जल को संचित करने में सहायक होगा, बल्कि खेती-किसानी के लिए पानी की उपलब्धता भी सुनिश्चित करेगा। इससे किसानों को सिंचाई के लिए वैकल्पिक स्रोत मिलेगा, जिससे उनकी फसलों की उत्पादकता में वृद्धि होगी।
जिला प्रशासन ने जल संरक्षण के इस प्रयास को जन आंदोलन का रूप देने के लिए व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया है। जिला प्रशासन ग्रामीणों को जल की महत्ता और बोरी बांध के लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी है। यह अभियान ग्रामीण सहभागिता का एक प्रेरणादायक उदाहरण है, जिसमें समुदाय अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए एकजुट होकर कार्य कर रहा है। प्रशासन ने सभी प्रखंडों में ऐसे और भी प्रयासों को प्रोत्साहित करने की बात कही है।
टिप्पणियां