तालकटोरा इलाके में गर्भवती की हत्या करने का आरोप

अस्पताल में शव छोड़कर भागे, दहेज के लिए रोज होता था विवाद

 तालकटोरा इलाके में गर्भवती की हत्या करने का आरोप

लखनऊ। तालकटोरा इलाके में गर्भवती की हत्या कर दी गई। ससुराल वालों ने उसे पीट-पीटकर मार डाला। उसके मुंह-नाक से झाग और खून निकल रहा था। ससुराल वालों ने मायके वालों को फोन लगाकर अस्पताल बुलाया फिर उनके पहुंचने से पहले शव छोड़कर भाग गए। परिजनों ने बताया है कि दहेज के लिए रोज विवाद होता था। सोमवार को समझौता कराया गया था। उसके बावजूद उसे मार डाला गया। मृतका की बहन की शिकायत पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच एसीपी बाजारखाला कर रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक तालकटोरा के सज्जादिया कॉलोनी निवासी असद नकवी की पत्नी खुशनुमा (25) की सोमवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन ऐरा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। खुशनुमा के मायकेवाले अस्पताल पहुंचे। उन्हें देखकर पति असद नकवी परिजनों के साथ शव को छोड़कर भाग गया। मृतका के शरीर पर चोट के निशान मिले। नाक और मुंह से झाग निकल रहा था। इस पर मायके वालों ने पीट-पीट कर हत्या का आरोप लगाया। खुशनुमा की बहन इलमा हुसैन ने कहा कि फरवरी 2023 में खुशनुमा का निकाह हुआ था। निकाह के कुछ ही दिन बाद बहनोई असद नकवी और उसके परिजन दहेज के लिए ताना मारने लगे। कई बार मारपीट भी कि जिससे बहन के सिर में गंभीर चोट आई।

बहन ने कहा कि खुशनुमा पर उसके ससुरालवाले बच्चे पैदा करने का भी दबाव बनाते थे। लोकलाज के चलते घर वाले चुप रहे। लगातार मारपीट और विवाद का समझौता कराने के लिए सभी लोग सोमवार को खुशनुमा के घर पहुंचे। हम लोगों के घर से लौटते ही खुशनुमा को ससुरालवालों ने बुरी तरह से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका की बहन का आरोप है कि समझौते के बाद घर लौटकर खुशनुमा काे फोन किया। उसका मोबाइल बंद जाने पर बहनोई को फोन किया। 

उन्होंने कहा कि खुशनुमा ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है। बेहोश पड़ी है। उसे ऐरा अस्पताल ले जा रहे हैं।जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि खुशनुमा को मृत अवस्था में लाया गया था। बहन डेढ़ माह की गर्भवती थी। इंस्पेक्टर तालकटोरा ने बताया कि मृतका की बहन इलमा हुसैन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीएम रिपोर्ट और साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

अपनी टिप्पणियां पोस्ट करें

टिप्पणियां