शादी के डेढ़ महीने बाद दुल्हन की मौत
परिजनों का आरोप ससुराल वालों ने मारकर लटका दिया
- दहेज के लिए परेशान करते थे
लखनऊ। सैरपुर इलाके में नव विवाहिता की हत्या कर दी गई। उसकी डेढ़ महीने पहले ही शादी हुई थी। मृतका के पिता ने कहा है कि ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान करते थे। उन लोगों ने ही उसे तब तक मारा जब तक कि वह मर नहीं गई। उसके गले और शरीर पर चोट के बड़े निशान मिले हैं।
मृतका की पहचान उपासना सिंह (27) के रूप में हुई है। पिता कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि बेटी की शादी बीते फरवरी में सैरपुर थाना क्षेत्र के दुग्गौर गांव निवासी अभय सिंह के साथ की थी। सोमवार शाम को ससुराल वालों ने फोन किया कि उनकी बेटी की तबीयत खराब है। पिता कृष्ण कुमार सिंह को सोमवार शाम 5:30 बजे बेटी के ससुरालवालों ने फोन किया। बताया उनकी बेटी की तबीयत खराब है। इस पर वह हरदोई के अतरौली थाना क्षेत्र स्थित अपने गांव से निकल पड़े। देर शाम बेटी के गांव पहुंचे। यहां पता चला कि उनकी बेटी का शव बीकेटी क्षेत्र स्थित रामसागर मिश्र सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय के शव गृह में रखा है। मृतका उपासना के गले पर फंदे का निशान था।
पिता ने बताया कि ससुराल वालों ने बेटी को इतना मारा कि उसकी मौत हो गई। बाद में आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। सैरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पति अभय सिंह, जेठ आशीष सिंह उर्फ अंशू सिंह, ससुर रामकरन सिंह, जेठानी सोनम सिंह और ममिया ससुर को नामजद किया है। घटना के बाद से ये लोग घर से फरार हैं। उपासना की शादी 18 फरवरी को हुई थी। 4 अप्रैल को वह अपने जेठ के साथ मायके आई थी। उसने परिवार को दहेज प्रताड़ना की जानकारी दी थी। सोमवार दोपहर 12:30 बजे पिता उससे मिलने ससुराल गए थे। उसके बाद लौट आए।
शाम को सूचना मिली कि उनकी बेटी की तबीयत खराब है। सोमवार 3:30 बजे उपासना ने अपनी बहन सोनी को फोन कर ससुराल में परेशान किए जाने की बात बताई थी। 5:30 बजे उसकी तबीयत खराब होने की सूचना मायके वालों को मिली। वे लोग उसकी ससुराल पहुंचे तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार कोरी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद से मृतका के ससुराल वाले फरार हैं। उनकी तलाश में टीमें लगाई गई हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद केस में धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
टिप्पणियां