सुबह 7 बजे फील्ड पर निकल पड़े नये नगर आयुक्त फिर...!
वर्क मैकेनिज्म को समझा, सड़क नाले-नालियों की सफाई व्यवस्था देखी
लखनऊ। नगर निगम के नवागत नगर आयुक्त गौरव कुमार शुक्रवार सुबह सात बजे के करीब ही निरीक्षण करने निकले। वर्क मैकेनिज्म को समझने के लिए अन्य अधिकारियों के साथ शहर में सड़क और नाले नालियों की सफाई देखी। इस दौरान अनियमितता पाए जाने पर जोन छह के जोनल अधिकारी मनोज यादव ने लॉयन सिक्योरिटी कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। विनीत खंड छह स्थित पीसीटीएस सेंटर और ग्वारी चौराहा स्थित एमआरएफ सेंटर का निरीक्षण किया। इसके बाद गोमतीनगर स्थित स्मार्ट वेडिंग जोन पहुंचे। जोन चार स्थित वर्क शॉप का जायजा लेने के लिए बाद अधिकारियों के काम के बारे में जानकारी ली।
केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के सामने हटाया अतिक्रमण!
शुक्रवार सुबह जोन दो में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। कार्रवाई केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के सामने नगर निगम की जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी ने की। फूल मंडी से लेकर चरक चौराहा होते हुए ट्रॉमा सेंटर के सामने तक के क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हुई। इस अभियान में पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान, जोनल सेनेटरी ऑफिसर राम सकल यादव सहित जोन दो के कई अधिकारी मौजूद रहे।
नगर निगम की टीम ने सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथों पर कब्जा कर व्यवसाय कर रहे दुकानदारों और ठेलेवालों के खिलाफ सख्ती बरती। ट्रॉमा सेंटर के सामने और आस-पास के इलाकों में लंबे समय से अवैध अतिक्रमण की वजह से ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या बनी हुई थी। केजीएमयू जैसे बड़े अस्पताल के पास लगातार लगने वाले जाम के कारण न केवल आमजन को परेशानी होती थी, बल्कि आपातकालीन सेवाओं, विशेषकर एंबुलेंस को भी समय पर अस्पताल पहुंचने में बाधा आती थी। मरीजों और उनके परिजनों को रोजाना इस अराजकता से गुजरना पड़ता था।
कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 7 बेंच, 4 ठेले, 22 स्टूल, 3 छोटे व बड़े सिलेंडर समेत अन्य अवैध सामग्री को जब्त किया। यह सामान सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से रखा गया था, जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी। जब्त सामान को नगर निगम के गोदाम में सुरक्षित जमा कराया गया। इसके अलावा, टीम ने फूल मंडी क्षेत्र में गंदगी फैलाने वाले 9 ठेला संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 3900 रुपये का चालान किया।
लॉयन सिक्योरिटी को कारण बताओ नोटिस जारी!
नगर निगम लखनऊ, जोन छह में जोनल अधिकारी मनोज यादव ने निरीक्षण के दौरान पाया कि मेन रोड पर सफाई कार्यदायी संस्था लॉयन सिक्योरिटी के कुछ कर्मचारी अवैध रूप से ठेले लगाकर कूड़ा बीन रहे थे। इस पर जोनल ने कार्रवाई करते हुए दोनों ठेलों को जब्त कर लिया। मौके पर काम कर रहे कर्मचारियों को तत्काल हटाने का निर्देश दिया। सुपरवाइजर को भी पद से हटाने का निर्देश दिया।। साथ ही संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
टिप्पणियां