नक्सली कमांडर हिड़मा के गांव पूवर्ती में पहली बार पहुंची बस

जहां पर जाने को सोचने से भी कांपते थे लोग

नक्सली कमांडर हिड़मा के गांव पूवर्ती में पहली बार पहुंची बस

  • अब इन इलाकों में बन रही हैं सड़कें और पुल-पुलिया
  • ग्रामीणों के सुर भी अब धीरे-धीरे बदल रहे, जो नक्सलियों के खात्मे का दे रहे संकेत
  • नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए हमारा अभियान निरंतर जारी  : शाह

जगदलपुर/नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के सबसे अधिक नक्सल प्रभावित इलाकाें में नक्सलियों का सबसे सुरक्षित गढ़ रहे अबूझमाड़ और दूसरे छोर में टेकलगुडम और इससे लगे कुछ गांव हुआ करते थे। इसमें से एक ग्राम पूवर्ती देश के मोस्ट वांटेड एक कराेड़ के इनामी नक्सली हिड़मा और नक्सलियों के मिलिट्री दलम के कमांडर बारसा देवा का गांव है। एक वक्त ऐसा भी था, जब दूरस्थ गांव में नक्सली दहशत के कारण लोग पूवर्ती, सिलगेर, कोंडापल्ली में जाने को सोचने से भी कांपने लगते थे।

लेकिन नक्सलियों के सफाए के साथ अब ऐसे गांवों तक न केवल सड़कों के साथ पुल-पुलियों का निर्माण हो रहा है बल्कि यात्री बसों का भी आवागमन शुरू हो गया है, जिससे ग्रामीणाें का इन गांवों से जिला एवं ब्लॉक मुख्यालय तक पहुंचना आसान हो गया है। यहां चार मार्ग ऐसे हैं, जहां पहली बार बसों का आना-जाना शुरू हो गया है। इनमें एक मार्ग नक्सली कमांडर हिड़मा का गांव पूवर्ती भी शामिल है। पूवर्ती गांव तक जाने के लिए अब सिलगेर से पूवर्ती के बीच सड़क बन जाने से आवागमन आसानी से हो रहा है। यहां एक हजार से ज्यादा जवानों की निगरानी में बीआरओ द्वारा सड़क बनाई जा रही है। इस इलाके के ग्रामीणों के सुर भी अब धीरे-धीरे बदल रहे हैं, जो नक्सलियों के खात्मे के संकेत दे रहे हैं।

परिवहन विभाग के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी डीसी बंजारे ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर जिस सड़क पर बस नहीं चल रही है, वहां बस की सुविधा दी जा रही है। सर्वाधिक नक्सल प्रभावित क्षेत्र सुकमा जिला मुख्यालय से पुरम से पूवर्ती, दोरनापाल-जगरगुंडा, सिलगेर से बासागुड़ा साथ ही बीजापुर जिले के बासागुड़ा से सिलगेर तक एक-एक यात्री बस चल रही है। इन सड़कों पर पहली बार यात्री बसों का आवागमन शुरू हुआ, जिससे ग्रामीणों को राहत तो मिली ही है। साथ ही उन्हें सुख और शांति का भी अनुभव हो रहा है। इससे पहले लोगों को तेलंगाना या फिर दंतेवाड़ा, गीदम से जाना पड़ता था, लेकिन अब दोरनापाल से जगरगुंडा, किष्टारम, पूवर्ती, पुरम से पूवर्ती, कोंडापल्ली, जिदपल्ली, पामेड़, उसूर, पुजारी कांकेर, सिलगेर, पूवर्ती, कोंडापल्ली तक एवं तर्रेम तक यात्री बस से आवागमन हो रहा है।

हिड़मा के गांव तक 189 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य सीमा सड़क संगठन की ओर से किया जा रहा है। इससे सुकमा एवं बीजापुर जिले को जोड़ा जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के सीई, एसई ने हाल ही में दोरनापाल से जगरगुंडा सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया है। लोक निर्माण विभाग जगदलपुर जोन के मुख्य अभियंता जीआर रावटे ने बताया कि दोरनापाल से जगरगुंडा 58 किमी और सिलगेर से बासागुड़ा 80 किमी तक सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है। निर्माण होने से लोगों काे आवागमन में आसानी हाेगी।  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को झारखंड में नक्सल उन्मूलन अभियान में एक करोड़ के इनामी सहित आठ माओवादियों को ढेर किए जाने पर सुरक्षा बलों की सराहना करते हुए कहा कि नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए हमारा अभियान निरंतर जारी है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, “नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए हमारा अभियान निरंतर जारी है। आज सुरक्षा बलों को नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए चल रहे अभियान में एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली। झारखंड के बोकारो में लुगु हिल्स में मुठभेड़ में 8 माओवादी मारे गए, जिनमें एक शीर्ष स्तर का नक्सली नेता विवेक, जिस पर 1 करोड़ रुपये का इनाम था, और दो अन्य कुख्यात नक्सली शामिल हैं। अभियान जारी है। हमारे सुरक्षा बलों की सराहना करें।”

About The Author

अपनी टिप्पणियां पोस्ट करें

टिप्पणियां

Latest News

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लगाया जनता दर्शन कार्यक्रम उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लगाया जनता दर्शन कार्यक्रम
लखनऊ। उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अलीगढ़  जाने से पहले अपने  कैम्प कार्यालय 7- कालिदास मार्ग...
नगर निगम ने अवैध होर्डिंगों के खिलाफ अभियान चलाकर उन्हें जब्त कर , सत्रह विज्ञापन कर्ताओ पर10-10 हजार का जुर्माना लगाया
परिवहन मंत्री ने की योजनाओं की समीक्षा, सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर
आज पीएम इंटर्नशिप योजना की आखिरी तारीख
गौ तस्करी के आरोपी नाजिम खान की सुप्रीम कोर्ट ने जमानत  की रद्द
फारबिसगंज प्रखंड कांग्रेस कमिटी की बैठक 
भारतीय सेना व पुलिस ने  चेनाब नदी के द्वीप से छह ग्रामीणों को बचाया गया