ससुरालियों से परेशान विकलांग ने सल्फास निगल कर दी जान, पत्नी सहित पांच पर केस दर्ज
फतेहाबाद। जिले के जाखल कस्बे में ससुरालजनों द्वारा परेशान किए जाने से खफा होकर एक विकलांग युवक ने सल्फास खाकर अपनी जान दे दी। इस बारे सूचना मिलते ही जाखल पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतक के शव को कब्जे में लेकर टोहाना के सरकारी अस्पताल में भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने सोमवार को मृतक की पत्नी सहित पांच ससुरालजनों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में बाजीगर बस्ती जाखल निवासी कुलवंत ने कहा है कि वह किराये की गाड़ी पर ड्राईवरी का काम करता है। उसका छोटा भाई मनदीप सिंह बचपन से दोनों टांगों से विकलांग है और पटियाला जिले के गांव चिचर में शादीशुदा था। पांच अप्रैल को उसके भाई मनदीप सिंह की ससुराल से फोन आया। उन्होंने मनदीप से कहा कि यहां आकर अपनी पत्नी सुखी देवी को ले जाओ। इसके बाद मनदीप अपने ससुराल चिचरवाली चला गया। आज वह वापस घर आया और छत पर कमरे में चला गया। कुलवंत ने कहा कि जब वह छत पर गया तो उसने देखा कि उसका भाई गिलास से पानी पी रहा था। उसने हाथ में सल्फास का पाऊच था। जब उसने मनदीप से बात की तो उसने बताया कि उसने सल्फास खा लिया है। मनदीप ने बताया कि ससुराल में उसकी पत्नी सुखी देवी, ससुर बलकार, सास कन्तो, चाची सा वीरो देवी व दादी सास दारो देवी ने उसे बहुत बुरा-भला कहा और उसे जलील किया। इस कारण वह शर्मिन्दा है और उसका जिंदगी से मन उतर गया है और उसका जीने का मन नहीं है। उसने अपनी ससुरालजनों से परेशान होकर सल्फास खाई है। कुलवंत ने कहा कि इसके बाद वह मनदीप को उपचार के लिए टोहाना के संजीवनी अस्पताल में ले गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कुलवंत ने आरोप लगाया कि मनदीप ने अपने ससुरालजनों से परेशान होकर जीवन लीला समाप्त की है। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टिप्पणियां