वृद्व मां को बेटों ने घर से निकाला, पुलिस की समझाइश पर रखने को राजी हुए बेटे
राजगढ़। शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम कांसौरकला निवासी 85 वर्षीय महिला को गुरुवार सुबह उसके बेटों ने घर से निकाल दिया, पुलिस की समझाइश पर बेटे वृद्व मां को घर ले जाने के लिए राजी हुए वहीं वृद्व मां खुशी होकर अपने लड़कों के साथ चली गई। थानाप्रभारी वीरेन्द्रसिंह धाकड़ के अनुसार ग्राम कांसौरकला निवासी 85 वर्षीय धापूबाई पत्नी रामगोपाल विश्वकर्मा ने बताया कि उसके दो बेटे है, जिन्होंने उसे घर से निकाल दिया है, असहाय एवं वृद्व होने से कुछ काम नही कर पाती हूं, जिससे जीवन जीना दुर्लभ हो गया है। इस पर पुलिस ने बुजुर्ग महिला के दोनों बेटे गणपतलाल और राधेश्याम को थाना तलब किया साथ ही समझाइश दी कि माता-पिता को नही रखने व घर से निकालने पर विधि संगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी, जिस पर दोनों लड़के अपनी मां को खुशी-खुशी रखने के लिए राजी हो गए, वहीं बुर्जुग मां ने भी अपने बेटों के खिलाफ कार्रवाई करने से मना किया साथ ही खुश होकर अपने घर चली गई।
टिप्पणियां