देरी से पराठा देने पर चाकू मारी,आरोपी फरार
लखनऊ। नाका इलाके में पराठा देने में देर होने से चाकू से हमला किया। आरोपी अपने जीजा के लिए पराठा लेने आया था। पराठे मिलने पर देर हुई तो जीजा निकल गए। इससे नाराज आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक बड़का केशवापुर बहराइच बब्बू पुत्र सुरेश लखनऊ के नाका इलाके में पराठे की दुकान लगाते हैं। उनके साथ में गांव का सोनू पुत्र सीताराम भी रहता है। मंगलवार को दोपहर के समय सोनू दुकान पर पराठा लेने आया था। दुकान पर भीड़ होने के कारण बब्बू ने कुछ देर इंतजार करने की बात कही।
इस बात से नाराज होकर सोनू अपने जीजा को लेकर चला गया। कुछ देर बाद वापस लौटा और गाली बकने लगा। बब्बू ने विरोध करते हुए गाली बकने से मना किया तभी उसके ऊपर चाकू से हमला कर दिया। जान से मारने धमकी देने लगा।
घटना के बाद वहां भीड़ जुटने लगी। मौका पाकर आरोपी सोनू लहुलूहान हालत में छोड़कर भाग गया। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने दुकान के मालिक व पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। इंस्पेक्टर नाका वीरेंद्र त्रिपाठी का कहना है कि दोनों लड़के एक ही गांव के रहने वाले हैं, पूर्व परिचित हैं। आरोपी की तलाश की जा रही है।
टिप्पणियां