बस ने ऑटो को मारी टक्कर, चालक व महिला की मौत
दुर्घटना में एक महिला घायल, इलाज के लिए दिल्ली रेफर
नूंह। नूंह में दिल्ली अलवर रोड पर शनिवार को बस ने ऑटो को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ऑटो चालक और एक महिला की मौके पर मौत हो गई व एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भिजवा दिया। वहीं घायल महिला को भी इलाज के लिए दिल्ली रेफर कर दिया गया। बता दें कि शनिवार को ही सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार पिकअप ने 11 लोगों को कुचल दिया था। जिसमें जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई और 4 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं अब अलवर रोड पर बस और ऑटो की टक्कर हो गई। टक्कर लगने से बस व ऑटो में बैठी सवारियों में चीख पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मरने वाली महिला की पहचान 50 वर्षीय कमलेश के रूप में हुई, लेकिन अभी ऑटो चालक की पहचान नहीं हो पाई है। घायल महिला की पहचान 42 वर्षीय सविता के रूप में हुई है और वह मृतक कमलेश की परिचित है।
टिप्पणियां